डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड-39 में सूखे नशे के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज युवक ने कुदाल से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी पुत्र ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गांव के मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि आरोपित उनका मांझिल पुत्र मोहम्मद अरमान बताया गया है। मृतक के छोत्रे पुत्र मो. अरबाज के अनुसार, उसका भाई मो. अरमान सूखे नशे का आदी है। उसने नशे के लिए पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा और माता-पिता से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा।
इसी दौरान उसने घर में रखी कुदाल उठा ली और पिता पर हमला कर दिया। कुदाल के वार से मो. इस्लाम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया।पटना ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गयी।वहीं, पति को बचाने पहुंची उनकी पत्नी रूबीना खातुन पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।जानकारी के अनुसार मृतक के तीन पुत्र हैं।
सबसे बड़ा पुत्र दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि दो पुत्र घर पर ही रहते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। शोर सुनकर मृतक का छोटा बेटा नीचे आया तो उसने पिता को गंभीर हालत में पाया। इसके बाद वह उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गया,लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मृतक के छोटे पुत्र मो. अरबाज ने बताया कि उसका भाई सूखे नशे का आदी है। सुबह नशे के लिए पैसे मांगने पर पिता ने उसे पैसे नहीं दिए थे। रात में घर लौटने के बाद वह माता-पिता से झगड़ने लगा और इसी दौरान कुदाल से पिता पर हमला कर दिया। मां बचाने गईं तो उन्हें भी मारकर जख्मी कर दिया। परिजनों का कहना है कि लगातार सूखे नशे के सेवन के कारण अरमान की मानसिक स्थिति भी प्रभावित हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाने पुलिस मौके पर पहुंची और मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रभारी सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि आरोपी युवक नशे का आदी था। नशे की हालत में उसने घटना को अंजाम दिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट