25 सितंबर तक प्रोफाइल बनाने व अपार ID जेनरेशन का लक्ष्य, डुप्लीकेट प्रोफाइल बनाने पर रोक
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय)। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 2 से 12 तक के छूटे हुए विद्यार्थियों की UDISE पोर्टल के स्टूडेंट मॉड्यूल पर फ्रेश एंट्री की जाएगी। इसको लेकर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान) कुमार अनुभव ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, BEDMC, डाटा एंट्री ऑपरेटरों एवं सभी कोटि के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किया है।
निर्देश के अनुसार पूर्व के वर्षों में UDISE पोर्टल पर दर्ज होने से छूटे विद्यार्थी, ड्रॉपआउट के बाद पुनः नामांकित विद्यार्थी तथा दूसरे विद्यालय में नामांकित नए विद्यार्थियों को इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। संबंधित विद्यालयों को ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों का पोर्टल पर प्रोफाइल तैयार करना सुनिश्चित करना होगा।
पहले ग्लोबल सर्च से करनी होगी जांच
विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी विद्यार्थी की नई प्रोफाइल बनाने से पहले UDISE पोर्टल के ग्लोबल सर्च में विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि अथवा आधार के माध्यम से यह जांच की जाए कि उसकी पूर्व से कोई प्रोफाइल उपलब्ध तो नहीं है। यदि विद्यार्थी की प्रोफाइल ड्रॉपबॉक्स में अथवा किसी दूसरे विद्यालय में उपलब्ध है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
यदि ग्लोबल सर्च में विद्यार्थी की पूर्व प्रोफाइल नहीं मिलती है, तभी फ्रेश एंट्री की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
प्रमाण के बिना नहीं होगा कोई बदलाव
निर्देश में कहा गया है कि जिन विद्यार्थियों की पूर्व प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है, उनके लिए Form-SO2 भरकर एडमिशन रजिस्टर की सत्यापित प्रति, जन्म प्रमाण पत्र तथा TC/SLC सहित आवश्यक दस्तावेज BEO के पास जमा करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में डुप्लीकेट प्रोफाइल तैयार नहीं की जाए और प्रमाणित दस्तावेज के अभाव में विद्यार्थी की जानकारी में बदलाव नहीं किया जाए।
25 सितंबर तक पूरा करना होगा कार्य
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों का UDISE पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 25 सितंबर 2026 तक फ्रेश एंट्री एवं अपार ID जेनरेशन का कार्य हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया है। विभाग ने इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट