डीएनबी भारत डेस्क
औंटा-सिमरिया सिक्स लेन पुल के सिमरिया गोलंबर पर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर राष्ट्रकवि दिनकर मूर्ति स्थापना संघर्ष समिति ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।सोमवार को समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के दो विधायकों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार से मिलने पर विधायक ने कहा कि “हमने तो दिनकर सेतु के लिए भी विधानसभा में आवाज उठाई थी और इसे विधानसभा से पास करवाया था।” इस पर प्रतिनिधिमंडल ने दिनकर सेतु के लिए किए गए प्रयास के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और सिमरिया गोलंबर पर मूर्ति स्थापना की मांग रखी, जिस पर विधायक ने विचार करने का आश्वासन दिया।
वहीं मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह से मिलने पर उन्होंने कहा कि “हम आपकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे।”
इस संबंध में संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी संजीव फिरोज ने बताया कि आज बेगूसराय जिले के दो विधायकों से मुलाकात हो गई है। यह केवल मूर्ति की मांग नहीं, बल्कि सिमरिया की अस्मिता और राष्ट्रकवि के उनके जन्म भूमि में सम्मान का सवाल है। जल्द ही बेगूसराय सांसद, जिलाधिकारी, बेगूसराय के अन्य विधायक और विधान पार्षद सहित मुख्यमंत्री से भी मिलकर यह मांग रखी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में संयोजक गौरव कुमार, सह-संयोजक कृष्ण मुरारी, वरिष्ठ सदस्य विश्वम्भर सिंह, कैलाश सिंह, पूर्व मुखिया कृष्ण कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष दीनबंधु कुमार एवं मीडिया प्रभारी संजीव फिरोज शामिल थे।
बेगूसराय सिमरिया संवाददाता कृष्ण मुरारी की रिपोर्ट