सांसद की टीम बना जख्मी युवक का फरिश्ता,
डीएनबी भारत डेस्क

दीपनगर थाना क्षेत्र के गोलापर गांव के समीप रविवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया । हादसे के बाद वह करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने जख्मी युवक अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की।
अधिकांश लोग मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने में व्यस्त रहे।इसी दौरान एकंगरसराय से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार की नजर सड़क किनारे लगी भीड़ पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाकर घटना की जानकारी ली। जब पता चला कि सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, तो उन्होंने बिना देर किए अपने अंगरक्षको की मदद से युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया।
जख्मी युवक मघड़ा खारजम्मा गांव निवासी सूरज कुमार है ।सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया।सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। समय पर अस्पताल पहुंचाने से किसी की जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि हादसे के बाद तमाशबीन बनने के बजाय घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करें।समय पर पहुंचाने के कारण ही आज उसकी जान बच सकी।सांसद की इस सराहनीय कार्य की इलाके में।खूब चर्चा हो रही है।
डीएनबी भारत डेस्क