घटना रानी एक पंचायत के नारेपुर अयोध्या टोल की है
डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी एक पंचायत के नारेपुर अयोध्या टोल गांव में बुधवार की देर रात ऐसा भयानक मंजर सामने आया, जिसे देख किसी की भी आत्मा को कंपा दे सकती थी। आधी रात के सन्नाटे में एक घर के अंदर मृत्यु किसी भी वक्त हो सकती थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और सूझ बूझ ने एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया।

अयोध्या टोल गांव निवासी संतोष यादव की पत्नी आशा देवी और उनकी पुत्री प्रतिभा कुमारी अपने खपड़ैल के घर में गहरी नींद सो रही थीं। गनीमत रहा कि दोनों मां बेटी एक ही बिछावन पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। सब कुछ शांत था, तभी अचानक एक तेज आहट और फुफकार के साथ लगभग 6 फीट लंबा जहरीला अधसर सांप सीधा उनकी मच्छरदानी के ऊपर जा गिरा। वह एक ऐसा क्षण था जब दोनों की सांसे थम सी गईं। अगर मच्छरदानी नहीं लगी होती, तो एक जहरीला डंक दो जिंदगियों को हमेशा के लिए छीन सकता था। सांप के लगातार फुफकारने की डरावनी आवाज़ से अचानक आशा देवी की आँखे खुल गई। उन्होंने हल्की रोशनी में एक लंबा सा किसी जीव को देखा संतुष्टि के लिए टॉर्च जलाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मात्र कुछ इंच की ऊंचाई पर, ठीक उनके सिर के ऊपर, एक विशाल जहरीला सांप अपना फन फैलाकर गुस्से में फुफकार रहा था। डर से कांपते हुए उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने की गुहार और बच्चों की चीख-पुकार से रात का सन्नाटा चीख उठा। सांप के शरीर की बनावट और उसका आक्रामक तेवर देखकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए कि जरा सी चूक से बड़ा अनर्थ हो सकता था। स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए डायल 112 बछवाड़ा पुलिस को फोन किया । सूचना मिलते ही तुरंत डायल 112 पर तैनात एसआई के.डी. पासवान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर सांप के लगातार बदलते तेवर और परिवार की चीखती धड़कनों के बीच पुलिस टीम ने बिना डरे सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया।
एसआई के.डी. पासवान और उनकी टीम ने एक खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आखिरकार उस 6 फीट लंबे जहरीले अधसर सांप को अपने काबू में कर लिया और सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाला। सांप के पकड़े जाने के बाद परिजन की जान में जान आई। उन्होंने राहत की सांस लेते हुए डायल 112 पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। भले ही इस बार पुलिस की मुस्तैदी ने एक परिवार को मौत के मुंह से खींच लिया हो, लेकिन उस खौफनाक रात की डरावनी यादें और मच्छरदानी पर फन फैलाए खड़े उस जहरीले सांप का भयानक साया पीड़ित परिवार के जेहन से शायद ही कभी उतर पाएगा। इस घटना के गवाह बने स्थानीय ग्रामीण राम पुकार राय, सुनील यादव, गौरव कुमार, मुल्क राज, सौरव कुमार सहित मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट