विभिन्न कक्षाओं के विजेता छात्र-छात्राएं प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
डीएनबी भारत डेस्क

भगवानपुर(बेगूसराय)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में सोमवार को संकुल स्तरीय मंडे मेगा क्विज का आयोजन किया गया। सीआरसी उच्च माध्यमिक विद्यालय मेहदौली, महेशपुर, दहिया सहित विभिन्न संकुलों में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में वर्ग एक में मेहदौली की रोशनी, वर्ग दो में हंडालपुर की करिश्मा, वर्ग तीन में बगरस की दिव्या रानी, वर्ग चार में हंडालपुर की सृष्टि, वर्ग पांच में मेहदौली की गरिमा साक्षी, वर्ग छह में मेहदौली के दीपेश कुमार, वर्ग सात में मेहदौली के राजू कुमार तथा वर्ग आठ में भरडीहा की शारदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार वर्ग नौ में उच्च विद्यालय मेहदौली के दिव्यांशु, वर्ग दस में उत्कर्ष कुमार, वर्ग 11 में रोनी तथा वर्ग 12 में उर्वशी साह एवं ऋतु राज ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राएं अब प्रखंड स्तरीय मंडे मेगा क्विज में भाग लेंगे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संचालक कृष्ण कुमार, समन्वयक अशोक कुमार सिंह के अलावा शिक्षक शानू, अमित, नितेश, प्रभात, स्मृति, ज्योति, अनिल सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट