जी.डी. कॉलेज बेगूसराय में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; मंत्री रामकृपाल यादव ने युवाओं को दिलाई संकल्प शपथ

DNB Bharat Desk

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” के अंतर्गत आज जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना था।

- Sponsored Ads-

इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय सहकारिता मंत्री, बिहार सरकार श्री राम कृपाल यादव जी ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे, तो विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान है। इसके अंतर्गत अगले 100 सप्ताह तक देशभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके और समाज में नशामुक्ति का जनआंदोलन खड़ा किया जा सके।

जी.डी. कॉलेज बेगूसराय में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; मंत्री रामकृपाल यादव ने युवाओं को दिलाई संकल्प शपथ 2माननीय मंत्री ने कहा कि बिहार इस दिशा में पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत रहा है। माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी द्वारा लागू की गई शराबबंदी सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था। वर्तमान में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु विभिन्न जागरूकता अभियानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से प्रभावी कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल नशे पर रोक लगाना ही नहीं, बल्कि नशे से प्रभावित लोगों को उपचार, परामर्श और सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा से पुनः जोड़ना भी है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि “नशा कभी किसी का भविष्य नहीं बनाता। भविष्य शिक्षा, मेहनत, खेल, अनुशासन और कौशल से बनता है।” उन्होंने युवाओं से मोबाइल और गलत संगत से बचने, अपने लक्ष्य पर ध्यान देने तथा अपने माता-पिता, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आग्रह किया।

अपने संबोधन में उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बढ़ाएँ, उन्हें सही मार्गदर्शन दें और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा यह प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ट के जिला संयोजक डॉ शशिकांत पांडेय,जीडी कॉलेज के प्राचार्य,पुलिस अधीक्षक मनीष ,डीडीसी आकाश चौधरी, dclr अभिषेक राज सहित अन्य मौजूद थे ।

कार्यक्रम का समापन “नशा छोड़ो, राष्ट्र जोड़ो”, “नशामुक्त युवा – विकसित भारत” तथा “नशामुक्त बिहार – विकसित भारत” के सामूहिक नारों के साथ हुआ।

Share This Article