डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर शहर के गांधी पार्क रोड संख्या-03 स्थित रेलवे क्वार्टर में चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने क्वार्टर संख्या-663 की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि, चांदी के सिक्के समेत कई कीमती और जरूरी सामान लेकर फरार हो गए।

पीड़िता पूनम पांडे ने बताया कि वह सुबह करीब 9:40 बजे अपनी ड्यूटी के लिए डीआरएम कार्यालय गई थीं। उनके घर से निकलने के बाद चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और पूरी वारदात को अंजाम दिया। ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने देखा कि घर की ग्रिल टूटी हुई थी और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात, नकदी, चांदी के सिक्के एवं अन्य महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिए गए थे।
घटना के बाद पूनम पांडे ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है तथा चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट