डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर तीन पंचायत स्थित राजापुर गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक गंभीर मोड़ ले लिया था, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को होने से रोक लिया। सोमवार को एफसीआई बरौनी पुलिस की सक्रियता से एक विवाहिता की जान बच गई। सोमवार की सुबह एफसीआई थाना की ईआरवी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस की नजर सड़क किनारे नंगे पैर, बेहद परेशान हालत में सिमरिया गंगा घाट की ओर तेजी से जाती एक महिला पर पड़ी। महिला की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत गाड़ी रोककर उससे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला महिला आत्महत्या की योजना बना रही थी। महिला की पहचान राजापुर गांव निवासी के रूप में हुई। महिला ने पुलिस को बताया कि पति के साथ हुए आपसी विवाद से वह इतनी आहत थी कि अपना जीवन समाप्त करने के लिए सिमरिया गंगा घाट जा रही थी।
बेगूसराय एसपी मनीष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि महिला की मानसिक स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे ढांढस बंधाया और आत्महत्या के विचार से दूर किया। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचित किया और बाद में महिला को सकुशल उनके परिजन को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के इस कार्य से न केवल एक घर उजड़ने से बच गया, बल्कि एक बड़ी दुर्घटना भी टल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
डीएनबी भारत डेस्क