डीएनबी भारत डेस्क
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राजभूषण निषाद एकदिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुँचे जहाँ उन्होंने प्रेस वार्ता कर प्रेस को संबोधित किया ।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश के सर्वांगीण विकास की नई इबारत लिखी है।

इस अवधि में देश ने आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, जल प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा डिजिटल क्रांति के क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। श्री निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जन धन योजना और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। देश में राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, एयरपोर्ट, बंदरगाहों और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
जल शक्ति मंत्रालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री राजभूषण निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण और जल प्रबंधन को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया गया है। जल जीवन मिशन के माध्यम से देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का ऐतिहासिक अभियान चलाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बढ़ने से महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि अटल भूजल योजना, कैच द रेन अभियान, नमामि गंगे कार्यक्रम, जल शक्ति अभियान तथा विभिन्न नदी संरक्षण परियोजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। नदियों के संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री निषाद ने कहा कि बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बाढ़ नियंत्रण, नदी तट संरक्षण तथा जल संसाधनों के समुचित उपयोग के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश के प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और सुशासन के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा। प्रेस वार्ता का संचालन जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने किया। प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी शशिभूषण उर्फ बबलू, जिला महामंत्री कुंदन भारती, जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय वीरेश,सुमित सनी ,जिला मंत्री शुभम कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
डीएनबी भारत डेस्क