विद्यालय में बच्चे जो ज्ञान शिक्षकों के माध्यम से पाते हैं, वह स्थाई ज्ञान होता है- आर सी शर्मा

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

ये दो दिवसीय सम्वर्धन कार्यशाला आप सभी के लिए थी, जिसे आपने विषय विशेषज्ञों से टिप्स लेकर सफल बनाया।विद्यालय में बच्चे जो ज्ञान शिक्षकों के माध्यम से पा लेते हैं, वह स्थाई ज्ञान होता है। इसलिए कक्षा में बच्चों के बीच ज्ञान को आरोपित न करें, बल्कि अंकुरित होने दें। हम बच्चों को परीक्षा में सफल होना नहीं बल्कि जीवन में भी सफल होना सिखाएं क्योंकि डीएवी नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर एआरओ ट्रेनिंग कोऑडीनेटर के के सिंहा ने कहा कि अज्ञानी होना गलत नहीं अज्ञानी बने रहना गलत है।

- Sponsored Ads-

उक्त बातें डीएवी बरौनी एनएच 28 में सेन्ट्रल एक्सीलेंस एकेडमी, डीएवी सीएमसी नई दिल्ली से प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा रविवार को आयोजित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण सम्वर्धन कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित करते हुए एआरओ ट्रेनिंग को-ऑडीनेटर सह कलस्टर हेड आर सी शर्मा ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी नई तकनीक का प्रयोग करते हुए बच्चों को शिक्षित करें। बच्चों को आप अपना सर्वश्रेष्ठ दें, आपके पास भी सर्वश्रेष्ठ ही लौटकर आएगा।

पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व करने वाली इटवा डीएवी की प्राचार्या सबिता ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य छोटे बच्चों में बेहतर शिक्षा देने की पद्धति का प्रशिक्षण, बच्चों का सर्वांगीण विकास करना तथा खेल-खेल में कैसे सीखें और उनमें शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करना है। इसके अलावा बच्चों को पर्यावरण से जोड़ना, जल संरक्षण के साथ साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों की पहचान कराने का हमारा उद्येश्य है। जिसे नये शैक्षणिक सत्र में हम लागू करेंगे। वहीं बरौनी डीएवी के प्राचार्य अभिजीत चट्टोपाध्याय ने आगत अतिथियों के प्रति धन्यवाद और शिक्षकों को अपनी शुभकामना देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा निपुण कार्यक्रम के माध्यम से आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता के ज्ञान को छात्रों तक पहुंचाने के साथ साथ इस कार्यशाला का उद्येश्य शिक्षकों की शिक्षण अधिगम प्रक्रिया सुगम, प्रभावशाली व रोचक बनाना और इसमें वांछित सुधार करना है। मौके पर मीडिया प्रभारी सह कार्यशाला प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा, बबलू कुमार,अंबूज कुमार, भूपेन्द्र शाही, कृष्ण मोहन ठाकुर, दिलीप कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

वहीं कार्यशाला में डीएवी बेगूसराय जोन-डी और डीएवी भागलपुर जोन-आइ के 16 विद्यालयों के 111 शिक्षकों ने भाग लिया। वहीं इस दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षित ट्रेनर बरौनी डीएवी की बबीता कुमारी, बीआरडीएवी की ज्योति जायसवाल, इटवा डीएवी की अल्पना बोस, ज्योति और बरारी भागलपुर डीएवी की स्वीटी दत्ता, सरिता व वंदिता कुमारी द्वारा प्रारंभिक शिक्षा विकास कार्यक्रम के तहत खेल -खेल में बच्चों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम से परिचित कराने की क्षमता का संवर्द्धन किया गया।

बेगूसराय से धर्मवीर कुमार 

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article