समस्तीपुर में 70 फीट के रावण का दहन हाउसिंग बोर्ड मैदान में  किया जायेगा 

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर। दशहरा को लेकर रावण वध की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला दशहरा समिति की ओर से इस बार 70 फीट ऊँचे रावण, 45 फीट के मेघनाथ और 40 फीट के कुंभकर्ण के पुतले का दहन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार, रावण दहन का आयोजन हाउसिंग बोर्ड मैदान में लगातार होता आ रहा है। 

- Sponsored Ads-

कारीगर पिछले 15 दिनों से पुतलों के निर्माण में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि इस बार मैदान में 100 फीट परिधि में लंका नगरी का भी निर्माण किया जाएगा। वहीं, झांकी में राम, लक्ष्मण, सीता, शिव, हनुमान समेत विभिन्न देशों की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी।दशहरा के दिन दोपहर 1 बजे शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से राम-लक्ष्मण-सीता का जुलूस निकाला जाएगा।

 यह जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम 5 बजे हाउसिंग बोर्ड मैदान पहुंचेगा, जहां रावण दहन किया जाएगा।जिला दशहरा समिति के सदस्य रवि ने बताया कि पहले पुतले हाथ से बनाए जाते थे और कम खर्च में तैयार हो जाते थे। लगभग 50 साल पहले पूरा आयोजन करीब 50,000 रुपये में संपन्न हो जाता था। लेकिन अब पूरे कार्यक्रम पर 10 लाख रुपये से अधिक का खर्च आता है। 

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। लगभग 50 से अधिक पुलिस जवान और समिति के स्वयंसेवक  तैनात रहेंगे। समिति ने अपील की है कि लोग दूर से ही रावण दहन का आनंद लें। रावण वध के बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटेंगे और विजयादशमी का पर्व उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article