डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। प्रखंड के चकदुल्लम पंचायत के वार्ड संख्या 14 में पिछले एक सप्ताह से नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलापूर्ति बंद होने के कारण लोगों के सामने पीने के पानी के साथ-साथ खाना बनाने, नहाने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए भी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार एक सप्ताह से नल-जल योजना का पानी नहीं आने के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाई हो रही है। कई परिवारों को दूर-दराज के चापाकलों और अन्य स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड के नल-जल योजना के ऑपरेटर अशोक कुमार चौरसिया को इस समस्या की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर नल-जल योजना की खराबी को दूर कराया जाए तथा जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में रामलाल शर्मा, संदीप शर्मा, रामनारायण चौरसिया, सरपंच प्रतिनिधि शिव शंकर शर्मा, कुंदन चौरसिया, पंचायत समिति सदस्य पिंकी देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर नल-जल योजना की पानी आपूर्ति चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बेगूसराय, भगवानपुर,संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट