युवक का क्षत विक्षत शव बरामद होने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

DNB Bharat Desk

नालंदा: नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बड़ी घरयरी गांव के खंधा से एक युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई गहरे जख्म मिले हैं, जो उसके साथ हुई बेरहमी की कहानी बयां कर रहे हैं। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है।घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के बड़ी घरयरी गांव की है, जहां खेत के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव निवासी भगवान कुमार के रूप में की गई है। शव पर चाकू से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। इतना ही नहीं, युवक के कान काटे जाने और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटे जाने के भी संकेत मिले हैं।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि भगवान कुमार का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। करीब एक वर्ष पूर्व वह युवती को अपने साथ लेकर चला गया था, जिसके बाद से युवती के परिजन उससे नाराज चल रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में युवती के परिजनों और उनके सहयोगियों ने भगवान कुमार की निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर आठ नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

- Sponsored Ads-
Share This Article