पूरे राजकीय सम्मान के साथ तीन दिवंगत थानाध्यक्षों को अंतिम विदाई, नम आंखों से दी गई सलामी

DNB Bharat Desk

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों को शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान ऐसा माहौल था जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। वर्दीधारी जवानों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और परिजनों तक, हर चेहरा गम में डूबा नजर आया।

- Sponsored Ads-

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत हो गई थी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई। सभी पुलिस पदाधिकारी पटना से प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।

पूरे राजकीय सम्मान के साथ तीन दिवंगत थानाध्यक्षों को अंतिम विदाई, नम आंखों से दी गई सलामी 2पोस्टमार्टम के बाद तीनों अधिकारियों के पार्थिव शरीर को मधेपुरा पुलिस लाइन लाया गया, जहां कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि के दौरान पुलिस लाइन का माहौल बेहद भावुक हो गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कांस्टेबलों ने भी अपने दिवंगत अधिकारियों को नम आंखों से अंतिम सलाम किया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कई बार माहौल इतना भावुक हो गया कि मौजूद अधिकारियों को परिजनों को संभालना पड़ा।

श्रद्धांजलि सभा के बाद तीनों दिवंगत थानाध्यक्षों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बंदूकों की सलामी और “अमर रहें” के नारों के बीच वर्दी के इन सच्चे सिपाहियों को अंतिम विदाई दी गई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया।

इस मौके पर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह सिर्फ तीन अधिकारियों की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा पुलिस महकमा शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

पूरे राजकीय सम्मान के साथ तीन दिवंगत थानाध्यक्षों को अंतिम विदाई, नम आंखों से दी गई सलामी 3मृतक थानाध्यक्षों में रतवारा के सजन कुमार रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन के निवासी थे, जबकि अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के आजमपुर गोला के रहने वाले थे। बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार कैमूर जिले के निवासी थे। तीनों अधिकारियों की पहचान कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस पदाधिकारी के रूप में थी।

तीनों अधिकारियों के असामयिक निधन से मधेपुरा जिला पुलिस बल में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ तीन थानाध्यक्षों की मौत ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। उनके सहयोगी और जवान उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं।

Share This Article