डीएनबी भारत डेस्क
क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, बिहार जोन–सी, बेगूसराय द्वारा डीएवी सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-28, बरौनी, बेगूसराय में गुरुवार को तीन दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-28, बरौनी के प्राचार्य सर्वेश्वर भुजबल, बखरी के प्राचार्य प्रशांत कुमार सिंह तथा शेखपुरा की प्राचार्या एवं क्लस्टर हेड सुश्री सुधा झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया।

इस अवसर पर प्राचार्य सर्वेश्वर भुजबल ने सभी मास्टर ट्रेनरों एवं प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी संस्था प्रत्येक वर्ष दो चरणों में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शिक्षा व्यवस्था के रूपांतरण हेतु प्रशिक्षण को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना गया है। इसका उद्देश्य केवल साक्षरता बढ़ाना नहीं, बल्कि कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना तथा शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास सुनिश्चित करना है, जिससे विद्यार्थी 21वीं सदी की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।
वहीं क्लस्टर हेड सुश्री सुधा झा ने कहा कि जब शिक्षक समुचित रूप से प्रशिक्षित होते हैं, तो वे अपनी भूमिकाओं का निर्वहन अधिक आत्मविश्वास एवं प्रभावशीलता के साथ करते हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया पर पड़ता है। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल, बखरी के प्राचार्य प्रशांत कुमार सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए शिक्षकों को निरंतर सीखने और स्वयं को अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यशाला में बिहार जोन–सी के विभिन्न विद्यालयों, जिनमें डीएवी पब्लिक स्कूल लखीसराय, शेखपुरा, जमालपुर, हवेली खड़गपुर, हरख, मुंगेर, इटवा नगर (बेगूसराय), एनएच-28 बरौनी सहित कुल नौ विद्यालयों के 182 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला में ईईडीपी-I एवं II, सामाजिक विज्ञान (प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक), हिंदी (प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक), संस्कृत (मध्य एवं माध्यमिक) तथा वाणिज्य/अर्थशास्त्र (उच्च माध्यमिक) विषयों पर दिल्ली से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।यह कार्यशाला 11 जून से 13 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक नरेंद्र कुमार, प्रीति कुमारी, बबीता कुमारी, विद्यालय के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा, ज्ञान शरण, अंबुज कुमार, बबलू कुमार एवं दिलीप कुमार सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट