वीरपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर धूमधाम से मनाया गया गोदभराई उत्सव, गर्भवती महिलाओं को दी गई पोषण किट

DNB Bharat Desk

वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर सोमवार को राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत गोदभराई कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सेविकाओं द्वारा मुख्य द्वार पर बेहद खूबसूरत रंगोलियां बनाई गईं, जो उत्सव के माहौल को और जीवंत कर रही थीं।

- Sponsored Ads-

कार्यक्रम के दौरान केंद्र पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों और मुख्य अतिशियों द्वारा गर्भवती महिलाओं को तिलक लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद सभी चिन्हित गर्भवती महिलाओं को पोषण के तौर पर मौसमी फल, अंकुरित अनाज, हरी सब्जियां, दूध और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्रियां भेंट की गईं। इसके साथ ही उन्हें पारंपरिक श्रृंगार के सामान भी उपहार स्वरूप दिए गए।

इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित महिला पर्यवेक्षिका और सीनियर सेविकाओं ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बरते जाने वाले विशेष एहतियातों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जच्चा-बच्चा को स्वस्थ रखने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और भोजन में आयरन व कैल्शियम की मात्रा बढ़ाना अनिवार्य है। महिलाओं को सलाह दी गई कि वे मानसिक रूप से तनावमुक्त रहें और संस्थागत प्रसव को ही प्राथमिकता दें।

इस मांगलिक व जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने विभाग की इस पहल की सराहना की।

Share This Article