डीएनबी भारत डेस्क
थाना क्षेत्र के मौजा सिकरहुला बदिया बहियार में गुरुवार को करंट लगने से एक युवक की मृत्यु हो गयी। मृतक की पहचान मोहनपुर वार्ड संख्या एक निवासी स्व. अरुण सिंह के पुत्र 23 वर्षीय शुभम कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई।

उसकी मृत्यु खेत में लगे नंगा बिजली तार में प्रवाहित विद्युत करंट से हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार, एएसआई राकेश कुमार ने घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच करते हुये शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि शुभम सुबह में घर से अपने खेत के लिए निकला था।
काफी देर तक खेत नहीं पहुंचने पर हमलोग ढूंढने लगे। लगभग 3 बजे में शुभम का शव संजीव कुमार के खेत के कोने पर मिला। मृतक के हाथ पर करंट लगने का निशान था। उल्लेखनीय है कि बहियार में कई किसान नीलगाय से बचाव हेतु अपने खेत के चारों तरफ नंगा तार से घेरे हुये हैं। रात में तार में विद्युत प्रवाहित कर दी जाती है।
शुभम की मृत्यु खेत में लगे उसी तार में सटने से हो गयी। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने कहा कि प्रथमदृष्टया बिजली के करंट से मृत्यु होना प्रतीत होता है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट