डीएनबी भारत डेस्क
राजगीर मलमास मेला में हुए दर्दनाक झूला हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिन रात थाना क्षेत्र स्थित मेला परिसर में झूले से गिरकर युवक की मौत मामले में पुलिस ने झूला मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हादसे के बाद मेले में लगाए गए कई बड़े झूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक युवक अमन कुमार झूले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद राजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित झूला मालिक को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा मानकों में चूक की वजह से युवक की जान गई। घटना के बाद प्रशासन ने मलमास मेला में लगे कई बड़े झूलों का संचालन तत्काल बंद करा दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि अब सभी झूलों की मैकेनिकल जांच के बाद ही उन्हें दोबारा चालू करने की अनुमति दी जाएगी।वहीं हादसे के बाद स्थानीय झूला संचालक कैमरे पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
डीएनबी भारत डेस्क