डीएनबी भरत डेस्क
समस्तीपुर: स्थानीय व्यवहार न्यायालय में सोमवार को पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ पॉक्सो एक्ट का आरोपित 24 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

मंगलवार को नगर थाना पुलिस ने मोहनपुर पावर हाउस के नजदीक एक निजी क्लिनिक से इलाज के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र रोशन कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में पिछले एक साल से मंडल कारा में बंद था. सोमवार को समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय के पॉक्सो कोर्ट में उसे पेशी के लिए लाया गया था.
कोर्ट हाजत से पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट परिसर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने पेशी की प्रक्रिया के लिए उसकी हथकड़ी खोली और बाहर बैठाया. इसी दौरान आरोपित अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और नगर थाना व डीआईयू की संयुक्त टीम उसकी तलाश में जुट गई.
पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले. लगातार 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को पुलिस ने मोहनपुर पावर हाउस के पास एक निजी क्लिनिक में इलाज करा रहे रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. सूत्रों के अनुसार उसकी गिरफ्तारी में अधिवक्ता सुमित कुमार और आरोपित के परिजनों ने भी पुलिस की मदद की. पुलिस प्रशासन उससे पूछताछ में जुटी है.
इधर, इस मामले में फरार आरोपित के विरुद्ध नगर थाना में अन्यय विशेष अदालत रेप एंड पोक्सो एक्ट में पीठ लीपिक सह कार्यालय लिपिक प्रेम रंजन कर्ण के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट