डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिला के घटहो थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। मृतक के गर्दन और पीठ पर चाकू के निशान है। बताया जाता है कि गांव से बाहर चौर में मृतक का शव मिला है।

मृतक की पहचान घटना घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर वार्ड 11 निवासी विकास कुमार महतो के रूप में की गई है। इस संबंध में मृतक के चचेरा भाई मिथिलेश कुमार ने बताया कि रात में पड़ोस में शादी थी। घर के सारे लोग शादी समारोह में गए थे। विकास भी भोज खाने गया था, काफी देर तक वापस नहीं लौटा। रात से ही उसकी तलाश की जा रही थी, इस बीच गांव के लोगों ने सुबह 7 बजे के करीब गांव से बाहर चौर में शव देखा।
उन्होंने बताया कि गांव में किसी से हमारी दुश्मनी नहीं है।इधर लाश मिलने की सूचना फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। युवक थोड़ा मंदबुद्धि का बताया गया है।वहीं, इस संबंध में दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि चाकू मारकर युवक की हत्या की गई है।
परिवार के लोगों का बयान लिया गया है। अभी हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट