आंगनबाड़ी से स्कूल तक, नालंदा में 16 हजार से ज्यादा बच्चों का नामांकन अभियान तेज, डीएम कुंदन कुमार ने जलाया शिक्षा का दीप
डीएनबी भारत डेस्क
बिहार शरीफ के कमरुद्दीन गंज स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से छात्राओं का नामांकन कर उन्हें विद्यालय में प्रवेश दिलाया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इसी उद्देश्य के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों का नजदीकी विद्यालयों में नामांकन कराया जा रहा है, ताकि उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, कमरुद्दीन गंज को कुल 7 आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ा गया है। इन केंद्रों से आने वाली 32 छात्राओं के साथ-साथ 3 अन्य छात्राओं का भी नामांकन इस अवसर पर किया गया।
जिलाधिकारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक कुल 16 हजार 460 बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकें।
डीएनबी भारत डेस्क