डीएनबी भारत डेस्क
बिहार में शराबबंदी और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कानून लागू हैं, लेकिन इन कानूनों की धज्जियां उड़ाने वाले मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय से है, जहां एक शादी समारोह में डीजे की धुन पर खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह तस्वीर बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र की बताई जा रही हैं, जहां एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवक डीजे की धुन पर जमकर डांस कर रहे हैं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि एक युवक हाथ में हथियार लेकर खुलेआम लहरा रहा है। उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी डांस में मस्त नजर आ रहे हैं।किसी शख्स ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।वीडियो वायरल होते ही लोगों ने बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे कानून की खुली अवहेलना बता रहे हैं, तो कुछ इसे प्रशासनिक विफलता करार दे रहे हैं।छौड़ाही थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली है।पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का दावा है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में इस तरह खुलेआम हथियार लहराना सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है।
डीएनबी भारत डेस्क