गश्ती के दौरान तेयाय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के जनरेटर के साथ युवक गिरफ्तार

DNB Bharat Desk

भगवानपुर प्रखंड के तेयाय ओपी पुलिस ने गश्ती एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के जनरेटर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस को अहम सफलता मिली है।

- Sponsored Ads-

इस संबंध में तेयाय ओपी अध्यक्ष कुमारी निकिता भारती ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में एक ई-रिक्शा पर जनरेटर को संदिग्ध तरीके से ढक कर ले जाया जा रहा था। पुलिस को शक होने पर चालक को रोककर पूछताछ की गई और उसे थाना लाया गया।थाने में सघन पूछताछ एवं जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उक्त जनरेटर चोरी का है। गिरफ्तार युवक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव निवासी रामजतन चौरसिया के पुत्र राजेश कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि छतरी टोल गांव निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन ने पूर्व में थाने में आवेदन देकर अपने जनरेटर चोरी होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनका जनरेटर भाड़े पर चल रहा था, जहां से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। बाद में थाना पहुंचकर उन्होंने बरामद जनरेटर की पहचान अपने चोरी गए जनरेटर के रूप में की।

पुलिस ने इस मामले में थाना कांड संख्या 105/26 दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को व्यवहार न्यायालय बेगूसराय भेज दिया गया है।तेयाय पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में लगातार गश्ती और सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Share This Article