योगी मॉडल पर भी खुला रुख, फैसला मुख्यमंत्री के अधिकार में है।
बिहार में कानून राज बनाम सियासत, बयानबाजी तेज, बंगाल चुनाव पर भी वार, ममता सरकार पर जेडीयू का हमला“कमल खिलेगा बंगाल में”
डीएनबी भारत डेस्क
बिहार में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। अपराध पर लगाम कसने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। भागलपुर की हालिया घटना में महज 12 घंटे के भीतर अपराधियों के एनकाउंटर ने सूबे में सख्त संदेश दिया है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।इसी बीच “सम्राट मॉडल” को लेकर सियासत भी तेज हो गई है।

जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने सरकार के कदमों का समर्थन करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार में कानून का राज कायम रहेगा और जो भी अपराध करेगा, उसे कड़ी सजा मिलेगी।कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार में हमेशा कानून का राज रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में किस मॉडल को लागू करना है, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।
अगर अपराध पर नियंत्रण के लिए “योगी मॉडल” भी अपनाना पड़े, तो उस पर फैसला लेने का अधिकार भी मुख्यमंत्री को ही है।वहीं विकास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए “नीतीश मॉडल” की ही जरूरत है।उधर, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी कौशलेंद्र कुमार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में कमल खिलेगा और ममता बनर्जी की सरकार का अंत होगा। उनके मुताबिक, बंगाल की जनता मौजूदा सरकार से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
डीएनबी भारत डेस्क