डीएनबी भारत डेस्क
अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आज अनुमंडल कार्यालय में जन वितरण प्रणाली (PDS) से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल अंतर्गत सभी गोदामों के एजीएम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं परिवहन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जन वितरण प्रणाली के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न वितरण में तेजी लाई जाए ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही, उन्होंने खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सही वजन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। जिन गोदामों से खराब अनाज प्राप्त होने की शिकायतें मिली हैं, उनके निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करें एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े इन कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट