चुनावी रंजिश का आरोप,सड़क हादसा दिखाने की चल रही है साजिश
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा-शेखपुरा जिले के कोरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरेरा गांव में एक 15 वर्षीय किशोर की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में विम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पावापुरी ओपी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान गुरेरा गांव निवासी सागर राम के 15 वर्षीय पुत्र छोटेलाल कुमार के रूप में हुई है। मृतक के पिता सागर राम ने बताया कि वे आगामी पंचायत चुनाव में मुखिया पद का चुनाव लड़ने वाले थे,जबकि पड़ोसी पंचायत समिति सदस्य भी मुखिया पद का दावेदार था।
इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था और आरोप है कि इसी रंजिश में उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम छोटेलाल अपने दोस्त के साथ ई-रिक्शा से घूम रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे ई-रिक्शा से जबरन खींचकर एक बोलेरो गाड़ी में बैठाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे रख दिया गया और ई-रिक्शा को वहीं पलट दिया गया।
घटना के बाद आरोपी विम्स अस्पताल पहुंचा और परिजनों को चार लाख रुपये देकर मामला दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया। जब परिजनों ने पैसे लेने से इनकार किया तो उन्हें दोबारा धमकी दी गई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क