डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा रेलवे जंक्शन के पश्चिमी गुमटी संख्या 21 ए के समीप गुरुवार की सुबह एक ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक महिला की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के सिरपुर गांव निवासी संगम सिंह की पत्नी रानी देवी के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान विनोद सिंह की पत्नी क्रांति देवी बताई गई है। घटना की चश्मदीद पूनम देवी, कारी देवी और सुमतिया देवी ने बताया कि वे सभी गरीब मजदूर हैं और अक्सर आलू की खुदाई के लिए बछवाड़ा आती रहती हैं। गुरुवार की सुबह भी वे सभी बछवाड़ा स्टेशन से रेलवे ट्रैक के रास्ते शिबूटोल स्थित एक किसान के खेत में काम करने जा रही थीं। उक्त सभी महिलाएं रेलवे की अप और डाउन लाइन के बीच से गुजर रही थीं। तभी अचानक दोनों ही लाइनों पर एक साथ ट्रेनें आ गईं।
दोनों तरफ से ट्रेनों को आता देख महिलाओं में अफरातफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। इसी भागदौड़ में दो महिलाएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और गुमटी पर तैनात रेल कर्मी ने तुरंत स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक पूछताछ करती रही, लेकिन इस दौरान मृतका का शव रेलवे किनारे ही पड़ा रहा। राजकीय रेल पुलिस के करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने पर शव को कब्जे में लिया गया। जीआरपी प्रभारी विशम्भर मांझी ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उन्होंने शव की पहचान कर ली है। कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
डीएनबी भारत डेस्क