सड़क पार करने के नियमों, ट्रैफिक सिग्नल और तेज रफ्तार वाहनों से बचाव की दी गई जानकारी
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मेहदौली, कन्या मध्य विद्यालय महेशपुर, पालीडीह, अतरुआ सहित अन्य विद्यालयों में शनिवार को स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान चेतना सत्र में फोकल शिक्षकों ने बच्चों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि सड़क पार करते समय सबसे पहले दोनों तरफ देखकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई वाहन तो नहीं आ रहा है। इसके बाद ही सावधानीपूर्वक सड़क पार करनी चाहिए। वहीं, तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों से सतर्क रहने तथा सड़क पर अनावश्यक जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल के नियमों की भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि लाल बत्ती जलने पर रुकना, पीली बत्ती जलने पर सतर्क रहना और हरी बत्ती जलने पर यातायात की स्थिति देखकर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही, सड़क पार करते समय यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा सावधानी बरतने की अपील की गई।
शिक्षकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी और उनका पालन करने से दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है। बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर एचएम अशोक कुमार सिंह, प्रमोद कुमार साह, अवधेश कुमार, विश्वनाथ साह, प्रकाश रंजन, रमा रमण, संजीव, फोकल शिक्षक सुमन कुमार मालाकार, शिक्षक अजनीश, सलीम, जय प्रकाश, शानू, श्वेता, ऋतु, संगीता सहित अन्य शिक्षक एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
