अवैध बालू ढुलाई और नाबालिग चालकों पर भड़का लोगों का गुस्सा, तेघड़ा में सड़क जाम कर ग्रामीणों का भारी बवाल
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक मासूम छात्र को कुचल दिया। इस हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया,

जिससे इलाके में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामला तेघरा थाना क्षेत्र का है।दरअसल, यह पूरी घटना तेघरा थाना क्षेत्र के बरौनी एक पंचायत अंतर्गत बरौनी वार्ड नंबर 12, इमली टोला गांव की है। मृतक मासूम छात्र की पहचान मोहम्मद साबिर के 10 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अयान के रूप में की गई है।परिजनों के अनुसार, मोहम्मद अयान आज सुबह कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकला था।

इसी दौरान सफेद बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम छात्र की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कई घंटों तक जमकर बवाल किया। इस दौरान यातायात पूरी तरह से ठप हो गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, उसे नाबालिग लड़का चला रहा था और उस पर सफेद बालू लदी हुई थी। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाया जा रहा है, लेकिन जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध रूप से बालू ढुलाई और नाबालिग चालकों पर सख्ती नहीं होने के कारण इस तरह की दर्दनाक घटनाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंचकर हालात को संभालने में जुटी हुई है और जाम को समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक प्रशासन की लापरवाही मासूमों की जान लेती रहेगी
डीएनबी भारत डेस्क