डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा | फार्मर रजिस्ट्रेशन में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से अनुमंडल अंतर्गत अटल कलम भवन, तेघड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा श्री राकेश कुमार ने की।

बैठक में भूमि उप समाहर्ता तेघड़ा, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, ग्राम कचहरी के सरपंच एवं सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में यह बताया गया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन में लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने का मुख्य कारण पूर्वजों के नाम पर कायम जमाबंदी एवं आपसी बंटवारा का अभाव है। इस समस्या के समाधान हेतु ग्राम स्तर पर बंटवारा प्रक्रिया को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम कचहरी के सरपंच एवं सचिव सहित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को आपसी बंटवारा की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी ग्राम सचिव एवं सरपंच को बंटवारा से जुड़े अधिकारों एवं प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही उनसे अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक बंटवारा कराने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि किसानों को उनके नाम से जमाबंदी दर्ज हो सके और फार्मर रजिस्ट्रेशन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने कहा कि यह कार्य किसानों के हित से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें और ग्राम स्तर पर जागरूकता एवं सहयोग के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को गति देंगे और निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने का प्रयास करेंगे।
डीएनबी भारत डेस्क