नयागांव थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शादी वाले घर में मचा चीख-पुकार
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मामला नयागांव थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का है।दरअसल, बेगूसराय के नयागांव थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर गांव में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दरियापुर गांव निवासी हरे राम राय के पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में की गई है।

परिजनों ने बताया कि घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था और सभी लोग शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान प्रशांत कुमार घर आया। घर के पास पहले से ही बिजली का जर्जर तार शॉर्ट सर्किट के कारण टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, जिसे वह देख नहीं पाया और उसी की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तार की जानकारी पहले भी दी गई थी और घटना के समय भी बिजली काटने के लिए अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। उनका कहना है कि अगर समय रहते बिजली काट दी जाती तो प्रशांत कुमार की जान बच सकती थी।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने सरकार और बिजली विभाग से मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही नयागांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
डीएनबी भारत डेस्क