डीएनबी भारत डेस्क
बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संत कबीर कॉलेज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान कोरबद्धा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के रूप में की गई है। वह कचहरी में मुंशी के तौर पर कार्यरत था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया, हालांकि बताया जा रहा है कि उसे भी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, कई महिलाएं इमरजेंसी वार्ड में ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।वही फरार बाइक सवार की तलाश में पुलिस जुट गई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट