बीजेपी विधायक डॉ सुनील ने किया उदघाटन
डीएनबी भारत डेस्क
बिहार शरीफ के टाउन हॉल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी द्वारा भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। पूरा परिसर शिवमय हो उठा, जब श्रद्धालुओं को एक ही मंडप के नीचे भारत के द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा बिहार शरीफ विधानसभा के भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने किया।महोत्सव का मुख्य आकर्षण भारत के प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति रही। श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, रामेश्वरम, भीमाशंकर, महाकालेश्वर, मल्लिकार्जुन, घृष्णेश्वर, सोमनाथ और नागेश्वर सहित सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए।
एक ही स्थान पर इन पवित्र शिवलिंगों के दर्शन से श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला।इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि बिहार शरीफ में कई प्राचीन मंदिर आज भी उपेक्षित अवस्था में हैं। उन्होंने बताया कि आज नाले के पानी में डूबे एक शिवलिंग का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि नालंदा जिला ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में अनेक मंदिर उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं, जिन्हें संरक्षित और विकसित करने की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से ‘सनातन धर्म विकास ट्रस्ट’ का गठन किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति एक रुपया सहयोग दे, ताकि सभी को यह एहसास हो कि मंदिर निर्माण और संरक्षण में उनका भी योगदान है।
डीएनबी भारत डेस्क