दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर की घटना
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा-दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव में शराबी पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को दी, जिसके बाद दीपनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा।
मृतका की पहचान मेहनौर गांव निवासी मिथिलेश यादव की 31 वर्षीय पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है। मायके वालों के अनुसार वर्ष 2012 में आरती की शादी मिथिलेश यादव से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।आरोप है कि पति शराब और जुए का आदी था। नशा और जुआ खेलने का विरोध करने पर ही उसने आरती की हत्या कर दी।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले आरती ने नशे की हालत में पति को पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद वह जेल गया था, लेकिन परिजनों द्वारा छुड़ाए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
डीएनबी भारत डेस्क
