डीएनबी भारत डेस्क
बिहार के बेगूसराय जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खंजापुर गांव में ससुराल वालों ने मिलकर अपने ही दामाद को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया।

गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौलागढ़ वार्ड संख्या-20 निवासी स्व. जनार्दन यादव के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।
पत्नी की जबरन दूसरी शादी बना विवाद की वजह
घायल सोनू कुमार और उसके परिजनों के अनुसार, सोनू बुधवार सुबह अपनी पत्नी मौसम देवी और बच्चे से मिलने ससुराल गया था। इसी दौरान पत्नी की जबरन दूसरी शादी कराने को लेकर सास-ससुर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद सास मंजू देवी, ससुर रामकुमार यादव, बुआ शिबो देवी और चचेरे ससुर रामपुकार यादव ने मिलकर सोनू पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी।
बर्न वार्ड में भर्ती, पत्नी-बच्चे की जान को खतरे की आशंका
बर्न वार्ड में भर्ती सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उसकी पत्नी पर दबाव बनाकर दूसरी शादी कराना चाहता है। उसने कहा कि उसकी पत्नी अभी भी उसके साथ रहना चाहती है, लेकिन ससुराल वाले जबरन उसे रोक कर रखे हुए हैं। सोनू ने यह भी दावा किया कि उसकी पत्नी का छह माह का गर्भ जबरदस्ती गिरवा दिया गया था।
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
घायल युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह शिकायत लेकर थाना गया तो उसे मानसिक रूप से बीमार बताकर उसकी बात नहीं सुनी गई। सोनू का कहना है कि ससुराल वालों ने पहले ही पुलिस को यह कहकर भ्रमित कर दिया था कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
मां बोली पहले से रची गई थी साजिश
सोनू के मां ने बताई कि उनका बेटा हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ट्रांसपोर्टिंग के काम से मजदूरी करता है और हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमाता है। चार साल पहले उसकी शादी खंजापुर गांव में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की के मायके पक्ष ने पहले से साजिश रचकर बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश की।
वहीं इस मामले पर चेरिया बरियारपुर थाना अध्यक्ष ज्योति कुमार बसु ने फोन पर बताया कि घटना की जानकारी हमें मिली है। उन्होंने कहा कि मामला खंजापुर गांव का है और ससुराल पक्ष द्वारा युवक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क
