डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित लहेरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात होते-होते टल गई। काशी तकिया मोहल्ला की गली में चौक बाजार ब्रांच के मुन्नालाल महेश लाल आर्य ज्वेलर्स के एक स्टाफ के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की कोशिश की,

लेकिन पीड़ित की बहादुरी के आगे अपराधियों की योजना विफल हो गई। ज्वेलर्स दुकान के स्टाफ अशोक कुमार किसी काम से पटना जा रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार तीन अपराधियों ने काशी तकिया की गली में ब्रेकर के पास उनकी बाइक को ओवरटेक कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने अशोक कुमार पर पिस्तौल तान दी और उनका बैग छीनकर भागने लगे।
इस दौरान अशोक कुमार ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का विरोध किया। उन्होंने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली। अचानक हुए इस प्रतिरोध से घबराए तीनों अपराधी अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। अशोक कुमार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को भी सतर्क कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और लहेरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई बाइक, एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस को बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीएनबी भारत डेस्क