एक्शन मोड में SP,अरविंद प्रताप सिंह ने किया रोसड़ा थाने का निरीक्षण, लंबित कांडों को जल्द निपटाने के दिए निर्देश।
डीएनबी भारत डेस्क

मुख्यालय के निर्देश पर हर थाने में जनता दरबार लगा कर हर जिले के एसपी को जनता की समस्या को सुनने का निर्देश जारी किया गया है।इसी कड़ी में समस्तीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने रोसड़ा थाना का निरीक्षण किया।
इस दौरान थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर आम लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। एसपी ने बताया कि जिले के सभी थानों में नियमित रूप से जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करने की पहल की जा रही है। निरीक्षण के दौरान एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने रोसड़ा थाना के सभी अभिलेखों और पंजियों की गहन जांच की तथा लंबित एवं दर्ज कांडों की समीक्षा की।
उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और अभिलेख संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।जनता दरबार में पहुंचे अधिकांश लोगों ने जमीन विवाद से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। एसपी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए अंचलाधिकारी को अवगत कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि थाना स्तर पर जनता दरबार आयोजित होने से पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को आम जनता की समस्याओं की समय पर जानकारी मिलती है, जिससे उनके समाधान में तेजी आती है। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निपटारा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और अव्यवस्था पर किसी भी सूरत में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और अपनी समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट