भगवानपुर प्रखंड अब बनेंगे ‘स्वस्थ ग्राम’, BDO ने मुखिया और सचिवों के साथ की समीक्षा बैठक, GPDP में स्वास्थ्य पर जोर

DNB Bharat Desk

भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आज  प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया और पंचायत सचिवों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और आगामी कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारना था।

- Sponsored Ads-

बैठक के दौरान ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति और जन आरोग्य समिति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जोर दिया कि ग्रामीण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए इन समितियों का सक्रिय होना अनिवार्य है। साथ ही, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस के सत्रों को किस प्रकार और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुँच सके, इस पर विशेष रणनीति तैयार की गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे पुरुष नसबंदी पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए बीडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने मुखियागण से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन करें और लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में चल रहे ‘नाइट ब्लड सर्वे’ (Night Blood Survey) में भी स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने और ग्रामीणों को जाँच के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया गया।

बैठक में मौजूद पिरामल फाउंडेशन की टीम ने आगामी ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपनी योजनाओं में ‘स्वस्थ ग्राम’ (Healthy Village) को एक मुख्य थीम के रूप में चयनित करें, जिससे पंचायतों में स्वास्थ्य का ढांचा मजबूत हो सके। साथ ही पंचायत में गठित ग्रामों पंचायत प्लानिंग और फ़ेसिलेट्सन टीम (GPPFT) की नियमित बैठक का आग्रह किया।

ये रहे मौजूद इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी के अलावा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, यूनिसेफ के बीएमसी (BMC), पिरामल फाउंडेशन की टीम, सभी पंचायतों के मुखिया और पंचायत सचिव प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article