मामूली विवाद में हुई थी दो की गोली मारकर हत्या
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा-लोजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपतिनाथ पारस और पूर्व सांसद प्रिंस राज डुमरावां गांव पहुंचे। उन्होंने हाल ही में दोहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दरअसल, 7 जुलाई को गांव में अखंड कीर्तन के दौरान मामूली विवाद में अन्नू कुमारी और हिमांशु कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपतिनाथ पारस ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ हो गए हैं और इसकी बानगी खुद मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जिले में ऐसी निर्मम हत्या होना बेहद शर्मनाक है। पशुपतिनाथ पारस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री दलित विरोधी ही नहीं, बल्कि पासवान विरोधी भी हैं।
उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।उन्होंने इशारों-इशारों में स्थानीय मंत्री पर भी कटाक्ष किया और कहा कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड नालंदा जिले में ही छीपा है, जिसे सरकार के मंत्रियों का संरक्षण मिल रहा है। और वह स्थानीय मंत्री ही है। उन्होंने इसे बिहार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
डीएनबी भारत डेस्क