डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कटहरिया गांव में ट्रेन हादसे में मृत युवक का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।इस संबंध में स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार सहनी ने बताया कि दामोदरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 17 कटहरिया गांव निवासी नरेश सहनी का 22 वर्षीय पुत्र राजन कुमार सहनी बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता था।वह लगभग छः महीने पूर्व ही बेंगलुरु गया था। वह वापस घर लौट रहा था।

लौटने के क्रम में वह रविवार को दानापुर रेलवे स्टेशन के आसपास कहीं रेलगाड़ी से गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दानापुर रेलवे पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिजन शव को लेकर बीती रात लगभग दो बजे कटहरिया गांव स्थित घर पहुंचे।शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां सरस्वती देवी,पत्नी हेमा देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
अनिल सहनी ने बताया कि विगत एक वर्ष पूर्व राजन कुमार का विवाह हेमा देवी से हुई थी। मृतक तीन बहन व पांच भाई में तीसरे नंबर पर था। मृतक का पिता नरेश सहनी गांव में ही रहकर मजदूरी करता है। उक्त घटना पर दुःख जताते हुए स्थानीय मुखिया राजकुमारी देवी ने पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग सरकार से की है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट