दुर्गा पूजा में डीजे बजाने व अश्लील गीतों पर रहेगी पूर्ण रोक – प्रशासन

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर प्रखंड में दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रोक रहेगी,साथ ही अश्लील गीत भी नहीं बजेगी। पूजा के आयोजन के लिए पूजा समितियों को लाइसेंस लेना होगा और पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य होगा। पूजा समाप्ति के बाद निर्धारित समय पर प्रतिमा का विसर्जन पोखरों में  करना होगा। बूढ़ी गंडक नदी में प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाएगा। यह निर्देश खोदावंदपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने दुर्गापूजा के आयोजकों और पूजा समिति के सदस्यों को दिया है।

गुरुवार को थाना परिसर में आयोजित खोदावंदपुर शांति समिति की बैठक में उपस्थित  पूजा आयोजन समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा को लेकर जारी जिला प्रशासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि पूजा पंडालों व मेलास्थल पर दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पूजा पंडालों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोगों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों को पूजा पंडालों के आसपास कम से कम 30 वोलेंटियर की तैनाती अपने स्तर से करने की सलाह दी।

इस मौके पर बीडीओ नवनीत नमन ने लोगों को आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में कुल 10 जगहों पर पूजा पंडाल लगाया जाएगा। उन्होंने सामाजिक सौहार्द वातावरण में दुर्गा पूजा मनाने की सलाह दी। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख संजू देवी ने की।

इस बैठक में उप प्रमुख नरेश पासवान,बाड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया टिंकू राय,फफौत पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल कुमार, दौलतपुर के पूर्व मुखिया बाबू प्रसाद यादव,प्रखंड जद यू अध्यक्ष मनीष कुमार,खेतिहर मजदूर संगठन के नेता अब्दुल कुदुस, माले नेता अवधेश कुमार समेत कई अन्य पंचायत  प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे।

बेगूसराय खोदावंदपुर संवाददाता नितेश कुमार की रिपोर्ट

- Sponsored -

- Sponsored -