असामाजिक तत्वों ने तोड़ा स्कूल की नवनिर्मित चाहरदीवारी की दीवार

DNB Bharat Desk

 

डीएनबी भारत डेस्क

असामाजिक तत्वों ने शुक्रवार की रात्रि में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाड़ा की नवनिर्मित चाहरदीवारी की दीवार को तोड़ दिया। निर्माण के महज 48 घण्टे के अंदर दीवार तोड़ दिए जाने से गांव के शिक्षा प्रेमियों में आक्रोश देखा जा रहा है।

- Sponsored Ads-

क्या है मामला

स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने बताया कि बेगुसराय-रोसड़ा एस एच 55 मुख्य पथ से सटे पूरब दिशा में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाड़ा में चाहरदीवारी नहीं रहने से काफी परेशानी हो रही थी। सड़क के बगल में स्कूल का खुला अहाता होने के कारण बच्चों का खेलना व अन्य कार्य करना जोखिम भरा कदम था। हर समय खतरा होने की आशंका थी। इसी को लेकर स्कूल में पंचायत निधि से चाहरदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। परन्तु उत्तर दिशा में बनाए गए चाहरदीवारी की दीवार को असामाजिक तत्वों के तोड़ दिया। इसकी सूचना बीईओ को दी गई है।

कहते हैं बीईओ

इस संदर्भ में बीईओ दानी राय ने बताया कि स्कूल की नवनिर्मित चाहरदीवारी की दीवार तोड़े जाने की सूचना मिली है। उन्होने बताया कि स्कूल की दीवार तोड़ना अपराध है। अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध  थाना में एफआईआर करवाने के लिए आवेदन देने का निर्देश स्कूल प्रधान को दिया गया है।

स्कूल का अहाता रहा है रास्ता

जानकार सूत्रों के अनुसार उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाड़ा से पूरब-उत्तर दिशा में कई परिवार बसे हुए हैं। जिनका घर से मुख्य पथ पर आना जाना स्कूल के अहाते के रास्ते ही होता रहा है। उत्तर दिशा में चाहरदीवारी के निर्माण से स्कूल के अहाता वाला रास्ता ऐसे लोगों के लिए बंद हो गया है। जिसके कारण नवनिर्मित चाहरदीवारी की दीवार तोड़े जाने की बात सामने आ रही है। स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि चाहरदीवारी निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर स्कूल परिसर पूर्णतः सुरक्षित हो जाएगा। चाहरदीवारी अधूरी रहने से स्कूल परिसर सुरक्षित नहीं रहेगा।

बेगूसराय खोदावंदपुर संवाददाता नितेश कुमार की रिपोर्ट

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article