डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर : आगामी 22 नवंबर 2026 को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के द्वारा नारघोगी स्थित मेडिकल कॉलेज सरायरंजन में अकादमिक विभागों के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर आज अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से मेडिकल कॉलेज का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, उद्घाटन स्थल, स्वागत व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग, यातायात व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। अकादमिक विभागों का उद्घाटन होने से चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा आएगी और स्थानीय विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं स्थानीय लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। लोगों का कहना है कि यह आयोजन क्षेत्र के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज की रिपोर्ट