उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

लोक आस्था,पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। प्रखंड क्षेत्र में सुबह से ही छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

- Sponsored Ads-

प्रखंड क्षेत्र के झमटिया गंगा घाट, बेगमसराय, रानी, गोधना, सूरो, दादूपुर, चमथा समेत अन्य गांव में छठव्रती गंगा घाट पर पहुंच कर उद्याचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया तो वहीं फतेहा, चिरंजीवीपुर, कदराबाद समेत अन्य कई गांव के लोग बलान नदी में सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ पर्व को लेकर इलाके के तमाम घाटों को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। स्थानीय युवाओं और पूजा समितियों के सहयोग से घाटों तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई कर रंग-बिरंगी रोशनी, तोरण द्वार और केले के थंभ लगाए गए थे। भोर होते ही सिर पर बांस की टोकरी उठाए पुरुष और पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं छठ के पारंपरिक लोकगीत गाती हुई घाटों की ओर जाती दिखीं। ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘उग हो सुरुज देव’ जैसे गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। घाटों पर व्रतियों ने सूप में ठेकुआ, नारियल, ईख, केला, सेब, सुथनी और मौसमी फलों को सजाकर भगवान सूर्य को समर्पित किया।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न 2इसके बाद व्रतियों ने अदरक और गुड़ या ठेकुआ का प्रसाद ग्रहण कर अपना 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा। घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे पाने के लिए बच्चों और बड़ों में खासा उत्साह दिखा। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं की सराहनीय भूमिका रही। गहरे पानी वाले घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से बांस की बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। वही बेगमसराय गंगा घाट पर समाजसेवियों की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क चाय और शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था की गई थी।

बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article