मन्नत पूरी होने पर दंडवत प्रणाम करते हुए घाट पहुंचे श्रद्धालु; मान्यता है कि द्रौपदी ने यहीं किया था पहला छठ व्रत
डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर/उजियारपुर 16 नवंबर 2026 (संवाददाता) लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह छठव्रतियों ने उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ यह पावन अनुष्ठान विधिवत संपन्न हो गया और व्रतियों ने पारण कर अपना 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा।

इस अवसर पर प्रखंड के कमला भगवानपुर स्थित ऐतिहासिक ‘देवखाल चौर’ छठ घाट पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पर्व के दौरान छठी मइया से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालु अपने घरों से घाट तक ‘दंडवत प्रणाम’ (कष्टी) करते हुए पहुंचे, जो पूरे आयोजन में आस्था का मुख्य केंद्र रहा। द्रौपदी ने यहीं किया था पहला छठ व्रत देवखाल चौर का यह छठ घाट अपनी ऐतिहासिक और पौराणिक महत्ता के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है और इसके साथ कई लोक मान्यताएं प्रचलित हैं।
मान्यता के मुताबिक, पांडवों की पत्नी द्रौपदी ने अपना पहला छठ व्रत इसी घाट पर किया था। इसी पौराणिक महत्व और अटूट आस्था के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के लोग हर साल यहां अर्घ्य देने जुटते हैं। ग्रामीणों के सहयोग से शांतिपूर्ण रहा आयोजन ऐतिहासिक महत्व वाले इस घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।स्थानीय निवासी राजू सहनी हर वर्ष की भांति इस साल भी घाट की संपूर्ण साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने में सक्रिय रहे।
राजू सहनी ने बताया कि इस घाट की महिमा दूर-दूर तक फैली है, इसलिए हर साल यहां व्रतियों की संख्या बढ़ रही है। ग्रामीणों के आपसी सहयोग से महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट