डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बछवाड़ा पंचायत स्थित मरांची खुर्द गांव में रविवार की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने खेत में काम कर रहे भाई-बहन को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान बछवाड़ा पंचायत के वार्ड संख्या तीन मरांची खुर्द निवासी अनिल महतो के पुत्र मोनू कुमार और पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को दोनों भाई-बहन अपने खेत में आलू की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो बदमाश हथियार से लैस होकर खेत पर आ धमके और किसी पुरानी बात को लेकर मोनू से उलझ गए। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बदमाशों ने पहले युवक से उठक-बैठक कराई। इसके बावजूद जब उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में मोनू और उसकी बहन आरती दोनों घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग घटना स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गया। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी बदमाश और घायल युवक मोनू के बीच पहले गहरी दोस्ती थी।
करीब छह माह पूर्व किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रविवार को इस गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस हरकत में आ गई। तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वही घायल मोनू कुमार ने अपने फर्द बयान में मरांची खुर्द निवासी संजय यादव का पुत्र प्रमुख यादव एवं राजेश्वरी राय का पुत्र ठिना कुमार उर्फ़ जय भागवान के ऊपर गोली मारने का आरोप लगाया है।
वही पुलिस ने फर्द बयान के आधार पर दो लोगो के ऊपर गोली मारकर कर घायल कर देने की प्राथमिकी दर्ज की है। वही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुरानी विवाद को लेकर गोलीबारी में भाई बहन को गोली लगने से घायल हुआ है। घायल का इलाज कराया जा रहा है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट