डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ का चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान सोमवार की सुबह सप्तमी तिथि को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह की पहली किरण के साथ ही छठ घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
व्रतियों ने नदी, तालाब एवं विभिन्न जलाशयों में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर चार दिनों तक घरों से लेकर घाटों तक विशेष उत्साह और धार्मिक वातावरण बना रहा। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई, जिसके बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया।
रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन हुआ। सुबह-सुबह छठ घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज, दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
व्रती महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सूप, डाला, फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री के साथ घाट पहुंचे। इस दौरान छठी मईया के गीतों और सूर्य देव की आराधना से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने छठी मईया एवं भगवान सूर्य से अपने परिवार की मंगलकामना करते हुए पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात पारंपरिक तरीके से व्रत का पारण कर चार दिवसीय कठिन तपस्या को पूर्ण किया।
छठ महापर्व ने एक बार फिर सामाजिक एकता, भाईचारे, स्वच्छता और लोक संस्कृति की अद्भुत मिसाल पेश की। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट