डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा टोला स्थित मुस्कान नशा विमुक्ति सह पुनर्वास केंद्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। केंद्र में भर्ती एक सनकी मरीज ने लोहे की रॉड से हमला कर वहां के प्रबंधक राहुल कुमार की निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार राहुल कुमार केंद्र में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। घटना के समय वह अपने कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान केंद्र में रह रहे एक मरीज ने जिम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड से उनके सिर पर कई बार हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।चीखने की आवाज पर दूसरे मरीज और केंद्र के कर्मचारी भी जग गए और हमलावर सनकी मरीज को पकड़ लिया गया। मृतक राहुल कुमार मुजफ्फरपुर जिले के पक्की सराय निवासी राम जन्म दूबे के पुत्र थे। उनकी उम्र महज 27 वर्ष थी। वहीं, घटना को अंजाम देने के आरोप में हिरासत में लिए गए मरीज की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी हिमांशु कुमार के रूप में हुई है।
वह अनिल पोद्दार का पुत्र बताया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मानसिक दिव्यांग बताया जा रहा है। जानकारी मिलने पर मथुरापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ पुनर्वास केंद्र पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। हिरासत में लिए गए मरीज से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।लेकिन जानकारी मिली है कि पीने के पानी की बोतल में आरोपी मरीज द्वारा एक बार पेशाब कर देने की बात पर प्रबन्धक ने उसको जमकर फटकार लगाई थी।
इस बात से वह प्रबन्धक से नाराज चल रहा था।घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है जो काफी खौफनाक है।इसमें दिख रहा है कि महज 30 सेकंड में 12 बार रॉड से प्रहार कर प्रबन्धक की जान ले ली।मृतक के परिजन नशा मुक्ति केंद्र में सुरक्षा की लापरवाही लेकर सवाल उठा रहे है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट