डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडल भूमि सुधार उप समाहर्ता कंचन कुमारी झा के सरकारी आवास पर निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह अचानक छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम दो वाहनों से भारी पुलिस बल के साथ डीसीएलआर के सरकारी आवास पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही मुख्य द्वार को नियंत्रित कर लिया गया और आवास के भीतर सघन तलाशी व दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के वक्त डीसीएलआर कंचन कुमारी झा आवास में ही मौजूद थीं।
निगरानी टीम की इस कार्रवाई की खबर शहर में आग की तरह फैल गई, जिससे स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। छापेमारी किस मामले या शिकायत के आधार पर की जा रही है, इसे लेकर निगरानी विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। आवास के अंदर जांच जारी है और विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट